ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट पताइक्वांडो प्रतियोगिता में डीएसबी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, हुआ सम्मान

फिरोजाबाद। नगला सिकंदर स्थित डीएसबी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने द्वितीय ओपन ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि पर शनिवार को विद्यालय परिसर में विजयी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
यह प्रतियोगिता 11 अप्रैल को श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल, शास्त्रीपुरम, आगरा में आयोजित की गई थी, जिसमें डीएसबी इंटरनेशनल स्कूल के कुल 16 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सभी विद्यार्थियों ने बेहतरीन खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए शानदार सफलता हासिल की।
प्रतियोगिता के परिणामों में विद्यालय के 5 विद्यार्थियों ने स्वर्ण पदक, 4 विद्यार्थियों ने रजत पदक तथा 7 विद्यार्थियों ने कांस्य पदक प्राप्त किए। विद्यार्थियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और शिक्षकों सहित अभिभावकों ने भी गर्व महसूस किया।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय के प्रबंधक नीरज अग्रवाल एवं उपप्रधानाचार्य प्रतिभा रावत ने विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और अनुशासन से ही इस प्रकार की उपलब्धियां हासिल होती हैं।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हार्दिक बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अपनी पहचान बना सकें।