हरदोई में गैस संकट पर फूटा गुस्सा, उपभोक्ताओं ने हाईवे जाम किया, पुलिस ने बहाल कराया यातायात

हरदोई। बिलग्राम क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था में अव्यवस्था के चलते सोमवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज सैकड़ों लोगों ने कटरा-बिल्हौर हाईवे जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि इंडेन गैस सिलेंडर के लिए उन्हें कई-कई दिनों तक एजेंसी और गोदाम के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन समय पर आपूर्ति नहीं हो रही। एक उपभोक्ता के अनुसार, 31 तारीख को बुकिंग कराने के बाद 12 तारीख की डिलीवरी दिखाई गई, लेकिन 13 दिन बीतने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिला।
महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे घरों में खाना बनाने का संकट उत्पन्न हो गया है। प्रदर्शन कर रहे हिमांशु सिंह, मनीष कुमार, अमित कुमार, रामबाबू, रामनिवास समेत अन्य उपभोक्ताओं ने गैस वितरण में पक्षपात, लापरवाही और गलत जानकारी देने के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि घंटों लाइन में लगने के बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है, जबकि कुछ लोगों को बिना लाइन के ही सिलेंडर दे दिए जाते हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिलग्राम विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने एजेंसी संचालक प्रमोद सिंह को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए तथा उपभोक्ताओं से वार्ता कर उन्हें शांत कराया।
इसके बाद जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया गया। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण में पारदर्शिता लाई जाए, ताकि सभी को समय पर सिलेंडर उपलब्ध हो सके।