हरदोई के संडीला इंडस्ट्रियल एरिया में कर्मचारियों का प्रदर्शन, वेतन वृद्धि व सुविधाओं की उठाई मांग, बोले- हरियाणा की तर्ज पर बढ़ोत्तरी की जाए

हरदोई। संडीला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड में सोमवार को संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी एकत्र हुए और वेतन वृद्धि सहित अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।
बताया गया कि फैक्ट्री में वर्तमान में लगभग 250 से 300 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें बड़ी संख्या संविदा कर्मियों की है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने हरियाणा राज्य की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी मजदूरी बढ़ाए जाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने ओवरटाइम भुगतान की स्पष्ट व्यवस्था, कार्य पर अनुपस्थित रहने की स्थिति में भी न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने तथा नियमित कर्मचारियों की तरह सभी सुविधाएं संविदा कर्मियों को दिए जाने की मांग उठाई।
कर्मचारियों का कहना था कि समान कार्य करने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के मुकाबले कम वेतन और सुविधाएं मिलती हैं, जिससे उनके सामने आर्थिक और सामाजिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर फैक्ट्री प्रबंधन और ठेकेदार मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से वार्ता की। बातचीत के दौरान कर्मचारियों को उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सीओ संडीला संतोष सिंह, स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और प्रबंधन व कर्मचारियों के बीच संवाद जारी रहने की बात कही जा रही है।