हरदोई में नहर में नहाते समय पुलिसकर्मी डूबा, तलाश में जुटी गोताखोर टीम, रोजमर्रा का सामान लेने के लिए निकला था

<!-- x-tinymce/html -->

<!-- x-tinymce/html -->

हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहर में नहाने गए एक पुलिसकर्मी की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस-प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण पर तैनात तीन रिक्रूट पुलिसकर्मी सुबह घरेलू सामान लेने के लिए बाजार गए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात कुछ परिचितों से हो गई, जिसके बाद वे सभी शारदा नहर के बरैठा पुल के पास नहाने चले गए। नहाते समय अचानक तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और दो पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक पुलिसकर्मी गहरे पानी में डूब गया। डूबने वाले पुलिसकर्मी की पहचान गौरव उर्फ राजन के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता पुलिसकर्मी की तलाश जारी है।

उन्होंने बताया कि बचाए गए दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं, जबकि तीसरे की खोजबीन तेजी से की जा रही है।

फिलहाल, पुलिस और राहत टीमें नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। घटना से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है और सभी की निगाहें लापता पुलिसकर्मी की तलाश पर टिकी हुई हैं।