सतरेंगा में वन विभाग का मेगा ऑपरेशन, 6 ठिकानों पर दबिश, लाखों की अवैध लकड़ी बरामद…

CITIUPDATE NEWS(संतोष सारथी)कोरबा वनमंडल अंतर्गत बालको वन परिक्षेत्र के ग्राम सतरेंगा में अवैध वनोपज भंडारण के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी छापामार कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर छह अलग-अलग ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें भारी मात्रा में अवैध लकड़ी बरामद कर जब्त की गई। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश एवं उपवनमंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। अभियान का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी बालको जयंत सरकार एवं नवपदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी देवव्रत सिन्हा ने किया। प्राप्त सूचना के आधार पर सर्च वारंट के साथ टीम ने ग्राम सतरेंगा के छह घरों में दबिश दी। इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक कांती कुमार कंवर (बालको), सुशील कुमार साहू (अजगरबहार उत्तर), रामेश्वर सिंह सिदार (बड़गांव), श्रवण कुमार गायकी (लेमरू), ओमप्रकाश भारद्वाज (दोन्द्रो) एवं अनिल कुमार कंवर (अजगरबहार दक्षिण) की सक्रिय भूमिका रही।छापेमारी के दौरान बीजा, साल, हल्दू सहित अन्य प्रजातियों की अवैध रूप से संग्रहित लकड़ी के कुल 359 नग चिरान बरामद किए गए। इनकी कुल मात्रा लगभग 5.405 घनमीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4.25 लाख रुपये बताई गई है। जांच में जगत निर्मलकर के घर से 254 नग, महेत्तर सिंह के घर से 73 नग, घासीराम के घर से 18 नग, लच्छीराम के घर से 10 नग तथा भगत राम के घर से 4 नग चिरान जब्त किए गए। यह लकड़ी अवैध रूप से व्यापार के उद्देश्य से संग्रहित की गई थी। पूरी कार्रवाई पुलिस बल और वन विभाग के कुल 55 अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दी गई। इस अभियान में बालको, कोरबा एवं लेमरू वन परिक्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।मामले में वन अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सदस्यों का भी इस कार्रवाई में सहयोग रहा, वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई की सराहना की