अवैध संबंध में पत्नी व ननदोई ने की पति की हत्या, आत्महत्या का रूप देने की रची साजिश, पुलिस ने किया खुलासा

अवैध संबंध में पत्नी व ननदोई ने की पति की हत्या, आत्महत्या का रूप देने की रची साजिश, पुलिस ने किया खुलासा


चंदौली। जनपद चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने सफल अनावरण किया है। प्रारंभ में आत्महत्या प्रतीत हो रही घटना की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ, जिसमें मृतक की पत्नी और उसके ननदोई को ही हत्या का आरोपी पाया गया।।
पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2026 को ग्राम खुरुहुजा (वरऊर) निवासी हीरा वियार ने तहरीर देकर बताया था कि उनके भतीजे राजवंश वियार ने जमीन के विवाद और मानसिक दबाव के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर जांच आगे बढ़ाई गई। जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का निकला।
7 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी राम दुलारी और उसके ननदोई रामजनम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को दुर्गा इंटर कॉलेज के सामने से पकड़ा गया।


पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा


पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी राम दुलारी ने बताया कि 28 फरवरी की रात उसका ननदोई रामजनम घर आया था। रात के समय दोनों के बीच अवैध संबंध बने, जिसे मृतक राजवंश ने देख लिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया।


आरोप है कि इसी दौरान रामजनम ने राजवंश का गला दबाया और फिर दोनों ने मिलकर रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।


सुबह राम दुलारी ने रोने-चिल्लाने का नाटक किया और घटना को आत्महत्या दर्शाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने एक अन्य व्यक्ति को झूठे मुकदमे में फंसाने की भी साजिश रची थी, जिससे आर्थिक लाभ लिया जा सके।


बरामदगी व कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जेके से हत्या में प्रयुक्त रस्सी बरामद की है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई सामने लाई गई है।


इस घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग इस निर्मम वारदात को लेकर हैरान हैं।