हरदोई में सर्राफा व्यापारी लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 6 आरोपी गिरफ्तार, तीन के पैर में लगी गोली

हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के बाजार पुरवा में सर्राफा व्यापारी से गन प्वाइंट पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद आईजी किरण एस ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि रात में थाना टड़ियावां पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में घूम रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने ददनामऊ पुल के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह संदिग्ध आते दिखाई दिए।

पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर आरोपी भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों की पहचान प्रियांशु वर्मा, प्रशांत शुक्ला और तुषार रस्तोगी निवासी थाना लहरपुर, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है।

वहीं, अन्य तीन आरोपी सचिन कश्यप, अंशुमान और आशीष को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, 24,100 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल फोन और अवैध शस्त्र व कारतूस बरामद किए हैं।

घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में सर्विलांस, एसओजी, स्वाट टीम और थाना टड़ियावां पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।