नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात, कोरिया जिले के विकास को लेकर रखी दो बड़ी मांगें:भाजपा युवा नेता राहुल खटीक 

बैकुंठपुर। नई दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा युवा नेता राहुल खटीक ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के विकास से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।राहुल खटीक ने कोरिया जिले में एक आधुनिक लॉजिस्टिक पार्क स्थापित करने की मांग रखते हुए कहा कि जिले के भविष्य को देखते हुए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। लॉजिस्टिक पार्क के स्थापित होने से जिले में कोल्ड स्टोरेज, शुष्क गोदाम, वितरण केंद्र और वेयरहाउसिंग हब जैसी सुविधाओं का विकास होगा। इसके साथ ही माल के तेजी से प्रसंस्करण और मूल्यवर्धित सेवाएं जैसे पैकेजिंग, असेम्बलिंग और सीमा शुल्क निकासी की सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि इससे ई-कॉमर्स व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा और बाजार की मांग के अनुसार परिवहन के बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे।दूसरी प्रमुख मांग के रूप में राहुल खटीक ने रायपुर से कोरबा, कटघोरा, पाली-तानाखार होते हुए बैकुंठपुर तक फोर लेन सड़क निर्माण की आवश्यकता को सामने रखा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से व्यापारिक कनेक्टिविटी मजबूत होगी, दूरी कम होगी और आवागमन अधिक सुगम हो जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि फोर लेन सड़क और लॉजिस्टिक पार्क जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास से जिले में निवेश के नए अवसर खुलेंगे। इससे देश-विदेश के निवेशक उद्योग और फैक्ट्रियां स्थापित करने के लिए आकर्षित होंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलेगा और जिले की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।राहुल खटीक ने कोरिया जिले के नागरिकों को आश्वस्त किया कि वे जिले के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे और हर संभव स्तर पर मांगों को मजबूती से उठाते रहेंगे।