औरवाटांड़ जलप्रपात व छानपातर दरी बनेगा प्रदेश-देश का प्रमुख पर्यटन केंद्र: डीएम

औरवाटांड़ जलप्रपात व छानपातर दरी बनेगा प्रदेश-देश का प्रमुख पर्यटन केंद्र: डीएम

चंदौली। जनपद चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध प्राकृतिक स्थल औरवाटांड़ जलप्रपात और छानपातर दरी को जल्द ही प्रदेश व देश स्तर के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यह बात जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अपने निरीक्षण के दौरान कही।

जिलाधिकारी ने दोनों स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नौगढ़ क्षेत्र का यह प्राकृतिक सौंदर्य अब पिकनिक और एडवेंचर के लिए पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है, ऐसे में यहां बुनियादी सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है।

पर्यटकों के लिए मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

जिलाधिकारी ने बताया कि यहां एडवेंचर गेम्स, चिल्ड्रेन पार्क, वॉच टावर, कैंटीन, बैठने की समुचित व्यवस्था और स्वच्छ खानपान जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, पर्यटकों के लिए सुरक्षित माहौल और समुचित निगरानी व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डीएफओ को निर्देशित किया कि झरनों के किनारे रेलिंग और अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।

पर्यटन विभाग और वन निगम मिलकर करेंगे विकास कार्य

जिलाधिकारी ने बताया कि पर्यटन विभाग और वन निगम के समन्वय से इन स्थलों पर विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सुझाव भी मांगे, ताकि योजनाबद्ध तरीके से इन स्थलों को और आकर्षक बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि चंदौली जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और औरवाटांड़ जलप्रपात व छानपातर दरी को विकसित कर इसे राष्ट्रीय स्तर का पर्यटन हब बनाया जाएगा। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।

जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह स्थल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे और चंदौली की पहचान को नई ऊंचाई देंगे।