गैस एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई, कम गैस मिलने पर मुकदमा दर्ज

श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर क्षेत्र में स्थित एक गैस एजेंसी के खिलाफ जिला रसद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। मामला गांव गदरखेड़ा से जुड़ा है जहां उपभोक्ताओं ने रसोई गैस सिलेंडरों में गैस कम होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलते ही रसद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गांव के साथ-साथ गैस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई सिलेंडरों में निर्धारित मात्रा से कम गैस पाई गई। इसके अलावा स्टॉक संधारण में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जिला रसद अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि नियमों के उल्लंघन के चलते संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

इस मामले की जांच सादुलशहर थाना प्रभारी मलकीत सिंह द्वारा की जा रही है।

प्रशासन की इस सख्ती से गैस वितरक एजेंसियों में हड़कंप मचा है तो वहीं उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जग्गी है।