हरदोई में ज्वैलर्स की दुकान में लाखों की चोरी, ताला तोड़कर जेवरात ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। जनपद के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में बीती रात चोरों ने एक ज्वैलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण पार कर दिए। खेड़ा तिराहा के पास स्थित खुशी ज्वैलर्स की दुकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी सुबह व्यापारी अंकुर यादव को हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभ में पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही थी, लेकिन जांच के बाद चोरी की पुष्टि हो गई।
इस संबंध में एएसपी सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि दुकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। व्यापारी के अनुसार, लगभग चार चांदी के सिक्के (प्रत्येक करीब 10 ग्राम), करीब 200 ग्राम के चांदी के घुंघरू और एक सोने का झाला चोरी हुआ है, जिसकी कीमत लगभग 1.05 लाख से 1.10 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एएसपी का कहना है कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।