हरदोई में अभद्र टिप्पणी पर सपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी, लोगों में आक्रोश

हरदोई। जनपद में एक राजनीतिक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी के नेता यदुनंदन लाल वर्मा द्वारा भगवान श्रीराम और माता कौशल्या को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में आक्रोश फैल गया।
वीडियो सामने आने के बाद विभिन्न संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले को लेकर वीएचपी, वीरांगना लक्ष्मीबाई संस्थान सहित कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी सपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी हरपालपुर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि किसी भी तरह की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करें। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है।
सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली ने वीडियो बयान जारी कर कहा कि यदुनंदन लाल वर्मा के द्वारा जो हिंदू देवी-देवताओं पर बयान दिया गया है वो बहुत ही निंदनीय है, उन्हें पार्टी की सक्रिय सदस्यता से निष्कासित किया जाता है और प्रदेश नेतृत्व को लिखा जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि यदुनंदन लाल वर्मा ने पिछले महीने भाजपा की बैठक की और इससे पहले पहले वो बसपा, कल्याण सिंह की पार्टी समेत कई पार्टियों में रह चुके है। उनकी किसी भी दल के साथ आस्था नहीं है, उनका ये बयान छिछोरापन जैसा हैं।