हरदोई में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, शातिर आरोपी गिरफ्तार, पहले से 10 मुकदमे है दर्ज

हरदोई। जनपद में अवैध कारोबार और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पाली क्षेत्र के मोहल्ला बेनीगंज में शाहाबाद और पाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान शातिर अपराधी अरविंद उर्फ संजय शुक्ला उर्फ बर्री को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 315 बोर के आधा दर्जन तमंचे, एक डबल बैरल तमंचा, भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस तथा शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुका है और उसके खिलाफ पहले से 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अवैध शस्त्र खरीदने वाले लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
एएसपी सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध पर नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।