हरदोई में मिशन शक्ति के तहत एक दिन की जिलाधिकारी बनी छात्रा, जनसुनवाई कर सुनी शिकायतें, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

हरदोई। मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल की गई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा अदिति सिंह को एक दिन के लिए सांकेतिक जिलाधिकारी बनाया गया।
सांकेतिक जिलाधिकारी के रूप में अदिति सिंह ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में भाग लिया और विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को सुना। इस दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और निर्णय प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही भारत एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया।
अदिति सिंह ने जिलाधिकारी से बातचीत में बताया कि वह भविष्य में आईएएस अधिकारी बनकर समाज के लिए कार्य करना चाहती हैं। इस पर जिलाधिकारी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन, लगन और कड़ी मेहनत से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का मार्गदर्शन दिया।
जनसुनवाई के दौरान कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कुछ शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध और प्रभावी ढंग से किया जाए।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय निगम तथा महिला कल्याण विभाग के अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।