यूपी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर हरदोई में कार्यक्रम, मंत्री असीम अरुण ने गिनाई उपलब्धियां, बोले- प्रदेश ने बीते वर्षों में पकड़ी विकास की नई दिशा

हरदोई। उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने बीते वर्षों में विकास की नई दिशा पकड़ी है और आधारभूत ढांचे में तेजी से सुधार हुआ है।
मंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को अपराध और पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, लेकिन अब प्रदेश में हाईवे निर्माण, उद्योगों की स्थापना और निवेश के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। इससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं और प्रदेश तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने ऊर्जा और पेट्रोलियम क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां कई देश संकट का सामना कर रहे हैं, वहीं प्रदेश में आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। हरदोई मेडिकल कॉलेज में रेडियोलॉजिस्ट की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम के उपरांत मंत्री ने "सुगम ऐप"का शुभारंभ किया और अभ्युदय योजना के छात्रों से संवाद किया।
जिला पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत रविदास और संत गाडगे महाराज की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा, विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल, जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।