विश्व क्षय रोग दिवस पखवाड़ा: एम्स रायबरेली द्वारा सक्रिय खोज एवं जागरूकता अभियान( 17से31मार्च 2026)

रायबरेली।विश्व क्षय रोग दिवस (24 march 2026) के अवसर पर, कार्यकारी निदेशक,डॉ अमिता जैन के मार्गदर्शन में एम्स रायबरेली के सामुदायिक चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य (CMPH) विभाग द्वारा 17 से 31 मार्च तक चल रहे विशेष पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद में व्यापक टीबी नियंत्रण गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।इसी क्रम में 19 मार्च एवं 23 मार्च को टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों,विशेषकर ईंट-भट्ठा क्षेत्रों जैसे कठिन पहुँच वाले इलाकों में सक्रिय क्षय रोग खोज(Active Case Finding ACF) अभियान चलाया गया।इस दौरान विभाग के फैकल्टी,रेजिडेंट्स एवं इंटर्न्स की टीम ने घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग की,संभावित टीबी रोगियों की पहचान की तथा उन्हें आगे की जांच हेतु परामर्श दिया।इसके अतिरिक्त पूरे अभियान अवधि में समुदाय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं,जिनमें टीबी के लक्षण, समय पर जांच,खांसी शिष्टाचार एवं राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम(NTEP) के अंतर्गत उपलब्ध निःशुल्क उपचार के बारे में जानकारी दी जा रही है।
विशेष रूप से वंचित एवं संवेदनशील समूहों तक पहुँच बनाते हुए, लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने तथा उपचार में विलंब को रोकने पर बल दिया जा रहा है।यह सम्पूर्ण गतिविधि सामुदायिक चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य विभाग के नोडल फैकल्टी डॉ.नीरज पवार के समन्वय एवं विभागाध्यक्ष डॉ.भोला नाथ के मार्गदर्शन में संपन्न हो रही है।यह पहल टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।