घूसखोर रेंजर 40 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, रंगे हाथों चढ़ा एसीबी के हत्थे

श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर से इस वक्त की बड़ी खबर है। वन विभाग के रेंजर अशोक सिंह शेखावत को एसीबी की टीम ने 40 हजार की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी चौकी श्रीगंगानगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा के नेतृत्व में एसीबी CI राजेंद्र कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की है। नेहरों के किनारे सूखे पेड़ों के ठूंठ निकालने को लेकर दिए गए ठेके में कार्य पूर्ण होने पर एनओसी दिए जाने को लेकर ठेकेदार से रेंजर द्वारा घूस के लिए राशि मांगी जा रही थी। एसीबी को मिली शिकायत के बाद टीम ने सत्यापन के बाद आज देर शाम रेंज कार्यालय में रेंजर अशोक सिंह शेखावत को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल एसीबी की टीम कार्रवाई में जुटी हुई है।