प्रतिबंध के बावजूद सल्फास बिक्री से युवक की मौत, कृषि केंद्र पर उठे सवाल

पूरनपुर,पीलीभीत। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में एक युवक की सल्फास सेवन से मौत का मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय कृषि केंद्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि प्रतिबंध के बावजूद एक फर्टीलाइजर केंद्र पर बिना किसी जांच-परख के जहरीला पदार्थ बेचा जा रहा था।
बताया जा रहा है कि तीन दिन पूर्व युवक ने उक्त केंद्र से सल्फास खरीदा था। इसके बाद उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले युवक ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने कहा कि वह जिंदगी से परेशान है और अब जीने का मन नहीं है।
इस मामले में एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को कृषि केंद्र से सल्फास खरीदते हुए देखा जा रहा है। इससे केंद्र संचालक की लापरवाही उजागर होने की बात कही जा रही है।परिजनों ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब सल्फास जैसे जहरीले पदार्थ की बिक्री पर प्रतिबंध है, तो आखिरकार यह खुलेआम कैसे बेचा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और कृषि केंद्र के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।