हरदोई में ईद-उल-फितर की नमाज़ अदा, मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे के लिए हुई दुआ, डीएम-एसपी ने ईदगाह पहुंचकर दी मुबारकबाद

हरदोई। जिले में ईद-उल-फितर का त्यौहार आपसी भाईचारे और अमन-चैन के साथ हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। शहर के ईदगाह में हजारों नमाजियों ने एकत्र होकर ईद की नमाज़ अदा की और मुल्क की खुशहाली, तरक्की और शांति के लिए दुआ मांगी।
हरदोई में नमाज़ के बाद जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने लोगों से मुलाकात कर हाथ मिलाया और गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट सुनील त्रिवेदी, एसडीएम सदर सुशील मिश्रा, सीओ सिटी अंकित मिश्रा, शहर कोतवाल संजय त्यागी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
बावन ईदगाह में मौलाना सैयद याह्या ने नमाज़ अदा कराई और मुस्लिम समुदाय को दीन के रास्ते पर चलने की नसीहत दी। वहीं हाफिज सैयद उबैदुल्ला ने लोगों से नेक रास्ते पर चलने, मेहनत से कमाने और उसे अच्छे कार्यों में खर्च करने की अपील की। उन्होंने शराब और जुए जैसी बुराइयों से दूर रहने का संदेश भी दिया।
इस मौके पर देश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ के साथ ईरान और गाज़ा-फिलिस्तीन की हिफाज़त के लिए भी दुआ की गई। नमाज़ में क़ारी सैयद असजद, मौलाना जावेद, मौलाना सैयद हम्ज़ा, इशहाक खान, अनीसुल हसन, शकूर खान, अशपाक खान, नौशाद खान, अली अहमद खान, वसी अहमद खान, हमीद अहमद पप्पू, सैयद सलाउद्दीन, सुलेमान खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सुरक्षा के मद्देनजर बावन कस्बे में सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह और लोनार थानाध्यक्ष राकेश यादव के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। जिले के पिहानी, गोपामऊ, शाहाबाद, पाली, सांडी, बिलग्राम, मल्लावां, गौसगंज, बालामऊ और संडीला समेत सभी क्षेत्रों में भी ईद की नमाज़ शांतिपूर्वक अदा की गई।