बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे ओवरलोड डंफर, चकिया की सड़कों पर गंभीर खतरा; सम्बन्धित विभाग क्यों किया है आंख बंद

बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे ओवरलोड डंफर, चकिया की सड़कों पर गंभीर खतरा; सम्बन्धित विभाग क्यों किया है आंख बंद

चकिया (चंदौली)। जनपद चंदौली के चकिया क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड मिट्टी से लदे डंफरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। तेज रफ्तार से सड़कों पर दौड़ रहे इन डंफरों के कारण आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार चकिया क्षेत्र की कई सड़कों पर ओवरलोड मिट्टी से लदे डंफर बिना नंबर प्लेट के धड़ल्ले से फर्राटा भर रहे हैं। इन वाहनों की रफ्तार इतनी तेज होती है कि राहगीरों और छोटे वाहनों के लिए खतरा बन जाती है।

सूत्रों का दावा है कि कई डंफर चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना परमिट और बिना फिटनेस के वाहन चला रहे हैं। इसके बावजूद इन पर प्रभावी कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में पुलिस द्वारा कुछ डंफरों की चेकिंग भी की गई, लेकिन इसके बाद भी अवैध वाहनों की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चकिया क्षेत्र में पहले भी ऐसे ओवरलोड और लापरवाही से चलने वाले वाहनों की वजह से कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है।

इस संबंध में अर्जुन सिंह, प्रभारी निरीक्षक चकिया कोतवाली ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि नशे की हालत में या तेज रफ्तार से डंफर न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके।

वहीं स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही के बावजूद खनन विभाग और आरटीओ विभाग की चुप्पी समझ से परे है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।