हरदोई में सर्वाइकल कैंसर रोकथाम अभियान शुरू, सीडीओ ने HPV टीकाकरण का किया शुभारंभ, 48 हज़ार बच्चियों को टीका लगना है निर्धारित

हरदोई। जनपद में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत जिला महिला चिकित्सालय में की गई। मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और 22 बच्चियों को टीका लगाया गया।
इस अवसर पर सीडीओ ने बताया कि 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी, लेकिन 15 वर्ष से कम आयु की बच्चियां इस टीकाकरण के लिए पात्र हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जविन बिष्णु गोगोई ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर विश्व स्तर पर महिलाओं में चौथा सबसे सामान्य कैंसर है, जो ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण के कारण होता है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से इस कैंसर की प्रभावी रोकथाम संभव है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद सचान ने जानकारी दी कि यह टीका जिला महिला चिकित्सालय के द्वितीय तल पर प्रत्येक कार्य दिवस सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक निःशुल्क लगाया जाएगा और एक डोज ही पर्याप्त है। टीकाकरण के समय आयु प्रमाण पत्र जैसे आधार कार्ड या स्कूल आईडी साथ लाना आवश्यक होगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि जनपद में लगभग 48 हजार बच्चियों को टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रारंभिक तीन माह तक यह सुविधा जिला महिला चिकित्सालय में उपलब्ध रहेगी, इसके बाद सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी शुरू की जाएगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।