हरदोई में आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, दो मासूम बेटे गंभीर रूप से झुलसे, खेत में आलू की फसल को पन्नी से ढंकते वक्त हुआ हादसा

हरदोई। अरवल थाना क्षेत्र के खैरूद्दीनपुर राजा साहब गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो मासूम बेटे गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों बच्चों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अवधेश सिंह (45) पुत्र रामसिंह रविवार सुबह अपने दोनों बेटों शोभित (11 वर्ष) और अमन (8 वर्ष) के साथ खेत पर काम करने गए थे। सुबह करीब 11 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बारिश की आशंका बनने लगी। बारिश से फसल को बचाने के लिए अवधेश सिंह अपने बेटों के साथ खेत में खुदी पड़ी आलू की फसल को पन्नी से ढंकने का प्रयास कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई। बिजली गिरने से अवधेश सिंह और उनके दोनों बेटे बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अवधेश सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका इलाज शुरू किया गया है।
किसान की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी स्नेहलता और छह पुत्रों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीएचसी प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरपालपुर के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।