हरदोई में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों का डीएम ने किया खंडन, कहा- जनपद में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता, किसी को नहीं होने दी जाएगी समस्या

हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने जनपद में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से यह गलत सूचना फैलाई जा रही है कि खाड़ी देशों के बीच चल रहे युद्ध के कारण हरदोई में पेट्रोल व अन्य तेल पदार्थों की कमी हो गई है। डीएम ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह भ्रामक और निराधार खबर है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी तरह की कमी नहीं है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों से अपील की कि वे उपभोक्ताओं को नियमित रूप से पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराते रहें, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
डीएम अनुनय झा ने यह भी स्पष्ट किया कि सामान्य परिस्थितियों में जरीकेन या अन्य कंटेनरों में पेट्रोल और डीजल देने की अनुमति नहीं है। हालांकि शासनादेश के अनुसार किसानों को अपने डीजल इंजन, पंपसेट और कृषि कार्यों के लिए ईंधन की आवश्यकता होती है, इसलिए उन्हें आवश्यकतानुसार डीजल उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं। जिला प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और जनपद में ईंधन की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है।
जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और किसी भी निवासी को पेट्रोल या डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।