समय से केंद्र नहीं पहुंचती खरीद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्रामीणों ने पोषाहार न मिलने का लगाया आरोप

समय से केंद्र नहीं पहुंचती खरीद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्रामीणों ने पोषाहार न मिलने का लगाया आरोप


चकिया/चंदौली। जनपद चंदौली के चकिया क्षेत्र के खरीद में आंगनबाड़ी व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रेहाना बेगम समय से केंद्र पर नहीं पहुंचती हैं, जिसके कारण बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाला पोषाहार नियमित रूप से नहीं मिल पा रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र पर अक्सर ताला लगा रहता है या फिर कार्यकर्ता देर से पहुंचती हैं। इससे क्षेत्र के छोटे बच्चों, धात्री एवं गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है।


स्थानीय लोगों ने बताया कि सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, लेकिन जिम्मेदार लोगों की लापरवाही के कारण योजना का लाभ पात्र लोगों तक सही ढंग से नहीं पहुंच पा रहा है।


ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन नियमित रूप से हो सके और लाभार्थियों को समय पर पोषाहार मिल सके।


इस संबंध में जब प्रशांत सिंह, सीडीपीओ चकिया से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और यदि जांच में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दोषी पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल ग्रामीणों को जांच और कार्रवाई का इंतजार है, ताकि क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।