यूपीएससी में 726वीं रैंक हासिल करने पर शिक्षक के बेटे को शिक्षक संघ ने दी बधाई

यूपीएससी में 726वीं रैंक हासिल करने पर शिक्षक के बेटे को शिक्षक संघ ने दी बधाई

चकिया/चंदौली। जनपद चंदौली के चकिया क्षेत्र स्थित मुजफ्फरपुर के कंपोजिट विद्यालय में तैनात वरिष्ठ शिक्षक शैलेश गुप्ता के पुत्र मृत्युंजय गुप्ता ने देश की प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में 726वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

मृत्युंजय गुप्ता की सफलता पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने उनके घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान शिक्षक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक पूरी लगन और मेहनत से बच्चों को शिक्षित करने का कार्य करते हैं। इसी का परिणाम है कि उनके अपने घरों में भी सफलता के फूल खिल रहे हैं।

बताया जाता है कि मृत्युंजय गुप्ता शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई मुगलसराय के एक कॉन्वेंट विद्यालय से की और शीर्ष स्थान प्राप्त करते हुए परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने पहले ही प्रयास में जेईई एडवांस परीक्षा उत्तीर्ण कर ली, जिसके बाद उन्हें आईआईटी दिल्ली के कंप्यूटर साइंस ब्रांच में बीटेक के लिए प्रवेश मिला।

बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद मृत्युंजय ने प्रशासनिक सेवा में जाने का संकल्प लिया और देश की सर्वोच्च परीक्षा यूपीएससी की तैयारी शुरू की। अपनी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

मृत्युंजय ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन के कारण ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं।

इस अवसर पर शिक्षक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता सहित कई शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में राजेश पटेल, गजानंद यादव, दास चरण, मनोज मौर्य, बाबूलाल, अनिल प्रताप यादव, प्रभात रंजन, संदीप कुमार, अजीत पटेल, कृष्णा चौहान, महेंद्र शर्मा, अशोक कुमार, शिव कुमार, अमित मौर्य और राजेश विश्वकर्मा सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।

शिक्षकों ने मृत्युंजय गुप्ता की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि उनकी सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।