दिल्ली के जंतर-मंतर आंदोलन से पहले अवधकेसरी सेना नेता हाउस अरेस्ट घर पर समर्थकों का जमावड़ा।

गोंडा। यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर 8 मार्च को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित बड़े जनांदोलन में शामिल होने से पहले ही प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक स्थानीय नेता को उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया। शनिवार सुबह प्रशासन और पुलिस की टीम ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया, जिससे वे दिल्ली के लिए रवाना न हो सकें। बताया जा रहा है कि अवधकेसरी सेना से जुड़े पदाधिकारी और समर्थक भी बड़ी संख्या में उनके घर पर पहुंच गए। खिरिया ग्रामसभा के कई लोग और संगठन के कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे और आंदोलन के समर्थन में नारेबाजी भी की। समर्थकों का कहना है कि वे यूजीसी से जुड़े कथित काले कानून के विरोध में दिल्ली में होने वाले जनांदोलन में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने पहले ही उन्हें रोक दिया। राष्ट्रीय अवध केसरी सेना के अध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि प्रशासन उन्हें नजरबंद कर सकता है, लेकिन उनके विचारों और आंदोलन की आवाज को नहीं दबा सकता। उन्होंने कहा कि यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात उठाई जाएगी।इस दौरान घर के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है।