मुरादाबाद में पत्रकार के घर पर फायरिंग, दो गिरफ्तार

मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में एक दैनिक अखबार के संपादक कामेश ठाकुर के घर पर अज्ञात दबंगों ने फायरिंग कर दी। घटना देर रात हुई, जब संपादक और उनका पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था। गनीमत रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पत्रकारों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी पत्रकार के घर पर इस तरह की फायरिंग न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी हमला है।