हरदोई के मलकापुर डकैती कांड का खुलासा, मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार, दो को पैर में लगी गोली, दो पुलिसकर्मी भी घायल

हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मलकापुर में 10 फरवरी 2026 को हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अनीस खां पुत्र नसीर खां के घर में 4-5 अज्ञात बदमाश घुसकर उन्हें बंधक बनाकर करीब 30 हजार रुपये नगद व आभूषण लूट ले गए थे। मामले में थाना शाहाबाद पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अभियान के तहत शाहाबाद पुलिस संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि आरोपी निर्माणाधीन बाईपास के पास एक बाग में मौजूद हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में यादराम उर्फ यादा और धर्मेंद्र गिरी (निवासी पीलीभीत) के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि समोल मंडल को मौके से गिरफ्तार किया गया।
मुठभेड़ में कांस्टेबल मंगेश और मनोज भी घायल हुए। आरोपियों के कब्जे से 17,520 रुपये नगद, तीन तमंचे 315 बोर, पांच जिंदा व पांच खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। घायल आरोपियों व पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। एएसपी सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।