आंवलखेड़ा के सेंट स्टीफेन स्कूल में हर्षोल्लास से मनी होली

आंवलखेड़ा। शनिवार को आंवलखेड़ा स्थित सेंट स्टीफेन स्कूल यूनिट?3 में होली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल और फूलों की खुशबू से महक उठा। स्कूल प्रबंधन की ओर से फूलों और गुलाल की विशेष व्यवस्था की गई थी।

कार्यक्रम के दौरान संगीत की मधुर धुनों पर बच्चों ने जमकर डांस किया और होली के गीतों पर थिरकते नजर आए। बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थित शिक्षकों और स्टाफ ने खूब सराहा। पूरा वातावरण खुशियों और उमंग से सराबोर दिखाई दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रतीक कर्दम ने किया और बच्चों का उत्साहवर्धन करते रहे।

विद्यालय प्रबंधक अमरदीप वर्मा ने बच्चों को होली के महत्व के बारे में बताते हुए प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। निदेशिका अंकिता गोस्वामी एवं प्रधानाचार्य दिनेश श्रीवास्तव ने भी सभी को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल होली मनाने की सलाह दी।

इस अवसर पर समन्वयक दुर्गेश वर्मा, खेल प्रशिक्षक वीरप्रताप सिंह, यतेंद्र शर्मा, कायम सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर बच्चों के साथ रंगों के इस पर्व का आनंद लिया।