कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का व्यापक विशेष अभियान, आवारा बाइक सवारों पर कार्रवाई, मनरेगा महिलाओं के साथ सेमिनार भी आयोजित

श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के आदेशों एवं निर्देशों के अंतर्गत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट 1 एवं 2 तथा एंटी रोमियो स्क्वायड द्वारा शहर में सघन गश्त विशेष चेकिंग एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान आवारा एवं लापरवाह बाइक सवारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। तेज गति, स्टंटबाजी, बिना हेलमेट वाहन चलाने एवं यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों को रोककर चालान करते हुये समझाइश दी गई तथा भविष्य में नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शहर के प्रमुख पार्कों में आर्मयादित रूप से बैठे जोड़ों को शालीनता एवं सामाजिक मर्यादा बनाए रखने की समझाइश दी गई। सार्वजनिक स्थलों पर अनुचित व्यवहार नहीं करने की चेतावनी दी गई।

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के मद्देनज़र डिकॉय (Decoy) ऑपरेशन भी संचालित किया गया। टीम द्वारा सादे वस्त्रों में निगरानी रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतत नजर रखी गई।

इसके अतिरिक्त टेंपो, बसों एवं अन्य सार्वजनिक वाहनों में आकस्मिक चेकिंग की गई। बस स्टैंड, बाजार क्षेत्र एवं भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।

इसी क्रम में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार मनरेगा कार्यकर्ता महिलाओं के साथ एक जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया जिसमें लगभग 65 महिलाएं उपस्थित रहीं। सेमिनार में 112, 1090, 15100 एवं 181 आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी गई तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, नशा संबंधी गतिविधि या संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। एक मेट सरोज को राजकोप सिटीजन एप डाउनलोड करने के लिये भी प्रेरित किया गया।

पुलिस द्वारा चलाया गया यह विशेष अभियान कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आमजन में विश्वास कायम रखने की दिशा में प्रभावी कदम साबित हो रहा है। अभियान निरंतर जारी रहेगा।