हरदोई में लापरवाही पर एसपी की कार्रवाई, शाहाबाद प्रभारी निलंबित, दो थानों में नई तैनाती

हरदोई। शाहाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र प्रताप सिंह को कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी शाहाबाद की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा की गई है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट में उल्लेख किया गया था कि थाना क्षेत्र में डकैती, हत्या और छिनैती जैसी गंभीर घटनाओं की रोकथाम में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई गई। इसके अलावा प्रभारी निरीक्षक द्वारा स्वयं की विवेचनाओं में भी रुचि न लेने और मामलों के निस्तारण में लापरवाही बरतने की बात सामने आई थी। उच्चाधिकारियों के आदेशों की अनदेखी को भी कार्रवाई का प्रमुख कारण बताया गया है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थानों में प्रशासनिक फेरबदल भी किया है। बिलग्राम थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय को शाहाबाद थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं विशेष जांच प्रकोष्ठ में तैनात निरीक्षक विजय कुमार को बिलग्राम थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह निर्णय पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक में लिया गया और नवनियुक्त अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्ण जिम्मेदारी और सक्रियता बरतें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।