सिरफिरे आशिक की सनक- बालको में युवती के घर के बाहर दो बार फायरिंग, आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार…

CITIUPDATE NEWS(संतोष सारथी)-बालको नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने युवती के घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि साहिल मसीह (20), निवासी इंदिरा नगर बालको, पिछले छह माह से उसकी बेटी का पीछा कर रहा था और छेड़छाड़ कर परेशान कर रहा था।18 फरवरी की रात करीब 11 बजे आरोपी मोटरसाइकिल से प्रार्थी के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगा। दरवाजा खुलते ही आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनते ही प्रार्थी जमीन पर बैठ गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। आरोपी ने दोबारा फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली और वह मौके से फरार हो गया। मामले में अपराध क्रमांक 94/2026 धारा 296, 75(1), 78(1), 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पिस्टल कहां से और कैसे मिली, इसकी जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।