हरदोई में प्रशासनिक अधिकारी के घर चोरी का मामला, लापरवाही पर दो पुलिसकर्मी निलंबित, चोरों ने 5 लाख नकद व लाखों के जेवरात किए थे पार

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के आज़ादनगर मोहल्ले में सिंचाई विभाग के एक प्रशासनिक अधिकारी के घर हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस अधीक्षक ने दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। बताया गया कि चोरी की यह घटना गश्त में लापरवाही के चलते हुई, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली शहर में तैनात उपनिरीक्षक विनोद गोस्वामी (चौकी प्रभारी जेल) और हेड कांस्टेबल मोहम्मद रहीश ने 17/18 फरवरी की रात अपने क्षेत्र में प्रभावी गश्त व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग नहीं की। इसी दौरान आज़ादनगर मोहल्ले में चोरी की वारदात हो गई। क्षेत्राधिकारी नगर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
चोरी की घटना आज़ादनगर निवासी सुनील जौहरी के घर हुई, जो सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 फरवरी को वह परिवार सहित शाहजहांपुर एक रिश्तेदार के कार्यक्रम में गए थे और घर में ताला लगा था। इसी दौरान चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसकर अलमारी खंगाल दी और करीब 5 लाख रुपये नकद व लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। बताया गया कि कुछ दिन पहले ही उनकी बेटी की शादी हुई थी और नकदी घर में रखी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जल्द ही चोरी का खुलासा करने का दावा किया है।