विधानसभा घेराव से पहले हरदोई में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी, पंजाब मेल से लखनऊ जाते समय रोके गए, पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा

हरदोई। विधानसभा घेराव कार्यक्रम को लेकर हरदोई में कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। मंगलवार सुबह पंजाब मेल से लखनऊ जाने की कोशिश कर रहे कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम से एक दिन पहले ही जिले के प्रमुख नेताओं के घरों पर पुलिस तैनात कर दी गई थी और कई कार्यकर्ताओं को कोतवाली में बैठा लिया गया था। इसके बावजूद जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे और शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित सुबह करीब 9 बजे पुलिस से बचते हुए हरदोई रेलवे स्टेशन पहुंच गए।
सुबह 9:15 बजे पंजाब मेल के पहुंचते ही स्टेशन पर पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने घेराबंदी कर ली। जैसे ही जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे समेत कई नेता ट्रेन में सवार होकर लखनऊ जाने लगे, पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए नेताओं में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन सिंह, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह चंदेल, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हसन अहमद, इस्लाम गाजी, शहर महामंत्री अभय कुशवाहा, नगर उपाध्यक्ष एवं सेवा दल जिला अध्यक्ष शिवम अग्निहोत्री शामिल हैं।
बताया गया कि पुलिस की घेराबंदी के बावजूद जिला महासचिव राजेंद्र वर्मा, पाली नगर अध्यक्ष अहद अली, योगेंद्र सिंह और शहर उपाध्यक्ष विनोद यादव लखनऊ पहुंचने में सफल रहे।
उधर, कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को दमनात्मक बताते हुए कहा कि गिरफ्तारी और दबाव के बावजूद पार्टी विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाएगी और जनहित की लड़ाई जारी रखेगी।