हरदोई में बकरियों का शानदार बर्थडे, निमंत्रण कार्ड बांटकर मनाया अनोखा जश्न, 200 लोगों को कराया भोजन

हरदोई। जिले के सदर तहसील क्षेत्र के गौरा डांडा गांव में एक अनोखा जन्मदिन समारोह चर्चा का विषय बन गया। यहां पशुपालक लालाराम श्रीवास्तव ने अपनी दो पालतू बकरियों 'स्वीटी' और 'मोनिका' का जन्मदिन पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया। इस अनोखे आयोजन को देखने और इसमें शामिल होने के लिए गांव के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे।
समारोह के लिए लालाराम ने बाकायदा निमंत्रण पत्र छपवाकर ग्रामीणों को आमंत्रित किया था। कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों से हुई, जिसमें रामायण और भागवत पाठ का आयोजन कराया गया। इसके बाद दोनों बकरियों को नहलाकर फूलों की मालाएं पहनाई गईं और नए वस्त्र धारण कराए गए। पूरे कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों का विशेष ध्यान रखा गया।
माहौल उस समय और भी रंगीन हो गया जब डीजे की धुनों पर बच्चे, युवा और बुजुर्ग झूम उठे। लालाराम ने इस अवसर पर लगभग 200 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की थी। ग्रामीणों ने भी इस अनोखे आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इसे यादगार बना दिया। बताया जाता है कि पिछले वर्ष भी लालाराम ने इसी तरह का आयोजन किया था, जिसमें करीब 300 मेहमानों को आमंत्रित किया गया था और 51 कन्याओं को भोजन कराया गया था।
लालाराम का कहना है कि 'स्वीटी' और 'मोनिका' उनके परिवार का हिस्सा हैं। उनका यह अनोखा प्रयास बेजुबान पशुओं के प्रति प्रेम और संवेदनशीलता का संदेश देता है, जिसकी गांव में खूब सराहना हो रही है।