बिजनौर के सीएफओ डॉ आर के पाण्डेय ने कांवड़ियों पर बरसे फूल, बंटे फलः कांवड़ यात्रा की विशेष व्यवस्था

बिजनौर में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। अग्निशमन विभाग ने बिजनौर नजीबाबाद में मोटा महादेव मंदिर के सामने शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। यह पहल पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित संपन्न कराने की विशेष व्यवस्थाओं का हिस्सा है।

कांवड़ियों का जत्था बिजनौर पहुंचा तो अग्निशमन विभाग टीम ने उन पर फूल बरसाए और फल भी वितरित किए। अग्निशमन विभाग के इस स्वागत से शिवभक्तों के चेहरे पर खुशी दिखी। कुछ श्रद्धालुओं ने अग्निशमन विभाग के इस सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना की। सीएफओ डॉ आर के पाण्डेय ने शिवभक्तों से बातचीत कर उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्गों का पालन करने, यातायात नियमों का अनुपालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। बिजनौर पुलिस कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

यातायात डायवर्जन और लगातार गश्त की व्यवस्था भी की गई है। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस के इस प्रकार के प्रयासों को जनता के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने और यात्रा को सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।