हरदोई में डिप्टी कमिश्नर के छोटे भाई का खून से लथपथ शव मिला, पेट में धारदार हथियार से था गहरा घाव, बुजुर्ग मां के साथ रहता था

हरदोई। जिले के पाली थाना क्षेत्र के मुडरामऊ गांव में शनिवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विजय प्रताप के रूप में हुई है, जो डिप्टी कमिश्नर रावेंद्र कुमार के छोटे भाई हैं।
जानकारी के अनुसार विजय प्रताप अपने पैतृक गांव स्थित घर में अपनी 78 वर्षीय मां गोमती के साथ रहते थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उनकी मां की नींद खुली तो उन्होंने विजय को घर के आंगन में खून से लथपथ पड़ा देखा। उनके पेट के दाहिने हिस्से में गहरा घाव था। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी पाली सोमपाल गंगवार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है। फिलहाल हरदोई जिले में लगातार हो रही हत्या की वारदातों से दहशत का माहौल है, और चार दिन में पांचवीं हत्या पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही हैं।