हरदोई में मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा सम्पन्न, श्रमिकों के मुद्दे उठाए, नुक्कड़ सभाओं का हुआ आयोजन

हरदोई। जिला कांग्रेस कमेटी हरदोई एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में शुक्रवार को आयोजित 'मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा' सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। पदयात्रा का शुभारंभ सुबह 11:30 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय से हुआ, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गांधी तिकुनिया पार्क (पुलिस लाइन के निकट) पर समाप्त हुई।
पदयात्रा जिंदपीर चौराहा, रेलवेगंज, अरुणा पार्क, मीरा टॉकीज रोड, पिहानी चुंगी, डीएम चौराहा, नुमाइश चौराहा, मुन्ने मियां चौराहा, रफी अहमद चौराहा, धर्मशाला रोड और सिनेमा चौराहा होते हुए समापन स्थल तक पहुंची। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया, जहां कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा से जुड़े मुद्दों, बढ़ती बेरोज़गारी और श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
पिहानी चुंगी चौराहे पर शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष उमा राजवंशी, बावन चुंगी चौराहे पर युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन सिंह तथा सिनेमा चौराहे पर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हसन अहमद के नेतृत्व में सभाएं आयोजित की गईं। रास्ते में पूर्व सांसद स्व. किंदर लाल की पुत्रवधू एवं महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता देवी ने पदयात्रियों के लिए जलपान की व्यवस्था कराई।
पदयात्रा का समापन गांधी तिकुनिया पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडेय, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, जिला मनरेगा कोऑर्डिनेटर मंजू लता मित्रा सहित कई वरिष्ठ नेता, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस व एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी और जनहित के मुद्दों पर सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।