वार्ड 37 में कुत्तों का आतंक चरम पर, वार्डवासियों का नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

पाली सिटी

वार्ड 37 में कुत्तों का आतंक चरम पर, वार्डवासियों का नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

धरने के बाद पार्षद विकास बुबकिया के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

जिला ब्यूरो चीफ ओम प्रकाश प्रजापत

पाली : सिटी शहर के मध्य स्थित वार्ड नंबर 37 में आवारा कुत्तों का आतंक अब बर्दाश्त के बाहर हो चुका है। वार्ड में सैकड़ों की संख्या में घूम रहे कुत्तों और लगातार हो रही डॉग बाइट की घटनाओं से त्रस्त वार्डवासियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। वार्ड पार्षद विकास बुबकिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नागरिक नगर निगम पहुंचे और नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।ज्ञापन देने से पहले वार्डवासियों ने निगम परिसर में धरना देकर प्रशासन को चेताया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।पार्षद विकास बुबकिया ने कहा कि वार्ड 37 के डेण्डों के बास, समेगियों की पाटी, डागा गली, घाणेराव की गली, नाइयों की ढाल, देरासर गली, नारेलो की पोल, उदयपुरिया बाजार, सेठों का बास, गुंदोचिया का बास, बागर मोहल्ला सहित पूरे क्षेत्र में आवारा कुत्तों का झुंड खुलेआम घूम रहा है।

स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि रात के समय लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा डर के साये में जी रहे हैं। कई नागरिकों को कुत्तों ने काट भी लिया है, फिर भी नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि कुत्तों की गंदगी से पूरे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और वार्ड की स्वच्छता व्यवस्था भी चौपट हो गई है।

धरने और प्रदर्शन के बाद नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज को ज्ञापन सौंपा गया। आयुक्त ने कुत्तों को पकड़ने का आश्वासन दिया, लेकिन वार्डवासियों ने साफ कहा कि अब सिर्फ आश्वासन नहीं, तुरंत कार्रवाई चाहिए। वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।इस विरोध प्रदर्शन में महावीर बोहरा, अंकित संकलेचा, विकास मेहता, मुकेश मोदी, पुलकित, विमल मुथा, अरिहंत, दर्पण रोमिल, योगेंद्र लोढ़ा, सुनील डड्ढा, धर्मेश गेमावत जयप्रकाश सलेचा, दर्पण मुथा, गौरव चोपड़ा, कमल किशोर, प्रवीण बोहरा, प्रकाश बोहरा, भरत मंडोरा, नरेश मुथा, योगेंद्र लोढ़ा, दीपक मेहता, धीरज पारख सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।