नेशनल हाइवे 911 पर तेज रफ्तार का कहर, एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत, एक गंभीर घायल

श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-911 पर सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला यहां 41 एनपी बस स्टैंड के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस ने स्कूटी सवार तीन महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोडवेज बस अत्यधिक तेज गति में थी। टक्कर के बाद बस महिलाओं को करीब 100 फीट तक घसीटती चली गई जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को रायसिंहनगर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे के बाद रोडवेज बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं एक ही परिवार की थी जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण तथा रोडवेज बसों की लापरवाह ड्राइविंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।