हरदोई में सर्विलांस सेल की बड़ी कामयाबी, तीन माह में 125 गुमशुदा मोबाइल बरामद, ₹25 लाख कीमत के मोबाइल स्वामियों को सौंपे गए, हरदोई पुलिस का जताया आभार

हरदोई। जिले की सर्विलांस सेल ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस टीम ने पिछले तीन माह के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई करते हुए कुल 125 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर सीओ हरियावां अजीत चौहान की मौजूदगी में पुलिस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। मोबाइल मिलने से आवेदकों ने राहत की सांस ली और हरदोई पुलिस की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
सीओ अजीत चौहान ने बताया कि सर्विलांस सेल को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुमशुदा मोबाइल फोन से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए थे। टीम ने तकनीकी सहायता और सतत प्रयासों से मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया। उन्होंने कहा कि आगे भी गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए अभियान जारी रहेगा।
मोबाइल बरामद करने वाली सर्विलांस टीम में उपनिरीक्षक अब्दुल जब्बार (प्रभारी), हेड कांस्टेबल आकाश कुमार, कांस्टेबल राजकुमार वर्मा, ओमवीर सिंह, नितिन कुमार गुप्ता, यादवेन्द्र सिंह और उज्ज्वल शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।