यूपीआरमएस पदाधिकारियों की डीआरएम से मुलाकात,कर्मचारियों के मुद्दों पर चर्चा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के मंडल पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संगठन से जुड़े प्रतिनिधियों और मंडल प्रशासन के बीच रेलवे कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों,सुरक्षा,सुविधाओं तथा संगठनात्मक मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं,सुझावों एवं अपेक्षाओं को डीआरएम के समक्ष रखा। डीआरएम त्रिपाठी ने संगठन द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित,संरक्षित एवं सुचारु रेल संचालन के लिए कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव संवेदनशील है।

इस अवसर पर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के नवनियुक्त मंडल सचिव ललित गर्ग,मंडल उपाध्यक्ष मंजू आज़ाद तथा संयुक्त मंडल सचिव दिनेश शर्मा का गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के जोनल कार्यकारी महामंत्री अजय शर्मा भी उपस्थित थे।

संगठन पदाधिकारियों ने भी डीआरएम का आभार व्यक्त करते हुए सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

भेंट को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न बताते हुए दोनों पक्षों ने आपसी संवाद को आगे भी बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।