हरदोई में शादी समारोहों में अवैध वसूली का आरोप, किन्नर ने की शिकायत, कोतवाल के आवास पर प्राइवेट फॉलोवर है आरोपी

हरदोई। शाहबाद कोतवाली क्षेत्र में एक प्राइवेट फॉलोवर पर शादी समारोहों में अवैध रूप से नेग वसूलने का आरोप लगा है। मामले में पीड़ित किन्नर ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला काशीराम कॉलोनी, शाहाबाद निवासी किन्नर बिजली पुत्र रफी द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि शाहबाद कोतवाली प्रभारी के आवास पर कार्य करने वाला प्राइवेट फॉलोवर अनीत पुत्र रामप्रकाश, निवासी मोहल्ला खत्ता जमाल खां, कुछ बाहरी लोगों के साथ मिलकर रात में ही महेश बाबू मैरिज लॉन और आर्यन मैरिज हॉल में पहुंचे और वहां हो रही शादियों में मिलने वाला नेग वसूल लिया।
पीड़ित का कहना है कि जब वह सुबह बधाई लेने शादी समारोहों में पहुंचा तो उसे बताया गया कि उसके समूह के लोग पहले ही नेग लेकर जा चुके हैं। जब उसने जानकारी जुटाई तो पता चला कि अनीत कुछ अज्ञात व्यक्तियों के साथ वहां आया था और नेग लेकर चला गया। आरोप है कि जब पीड़ित ने इस संबंध में अनीत से बात करने का प्रयास किया तो उसने गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने की कोशिश की।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि थाना प्रभारी के आवास पर काम करने के कारण आरोपी प्रभाव का दुरुपयोग करता है। उसके खिलाफ पहले भी अवैध वसूली के आरोप लग चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।