राजनीतिक रसूख की आड़ में गबन? पूर्व प्रधान के पति पर निजी फर्म में सरकारी धन भेजने का आरोप ।

चंदौली। शहाबगंज विकास खण्ड शहाबगंज के भटरौल ग्राम पंचायत में निर्मल भारत अभियान योजना के तहत 2.58 लाख रुपये के गबन का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले को लेकर शिकायतकर्ता सतीश कुमार ने जिलाधिकारी चंदौली को शपथपत्र देकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2018-19 में पूर्व ग्राम प्रधान पुष्पा सिंह के कार्यकाल के दौरान निर्मल भारत अभियान के खाते (खाता संख्या 6) से अवैध रूप से धनराशि निकाली गई। आरोप है कि प्रधानपति संजीव कुमार सिंह ने योजना के खाते से अपने निजी फर्म धनश्री बिल्डिंग मैटेरियल के खाते में सरकारी धन ट्रांसफर कराया। दस्तावेजों के मुताबिक 07 सितंबर 2018 को चेक संख्या 21024940 से 1.20 लाख रुपये, 24 सितंबर 2018 को चेक संख्या 12018503 से 72 हजार रुपये तथा 02 नवंबर 2018 को चेक संख्या 12018512 से 66 हजार रुपये की निकासी कर निजी खाते में भेजी गई, जो नियमों के विरुद्ध बताई जा रही है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रधानपति स्वयं को भाजपा विधायक चकिया का प्रतिनिधि बताकर थानों व तहसीलों में दबाव बनाता है। नाम न छापने की शर्त पर ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व कार्यकाल में सरकारी भूमि और रास्तों पर अवैध कब्जे कराए गए और शिकायत करने पर राजनीतिक दबाव बनाया गया।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।