जलदाय विभाग की डिग्गी में डूबने से व्यक्ति की मौत, सिविल डिफेंस की टीम ने बाहर निकाला शव

श्रीगंगानगर के उपखंड श्रीकरणपुर में आज एक व्यक्ति के जलदाय विभाग की डिग्गी में गिरने से मौत होने का मामला सामने आया है।

बताया जाता है कि श्रीकरणपुर के वार्ड नंबर 24 निवासी गुरजिंदर सिंह पुत्र अवतार सिंह बीते दिन शुक्रवार शाम को घर से बिना बताये कहीं चला गया था जिसकी तलाश परिजनों द्वारा की जा रही थी कि आज सुबह करीब 10:00 बजे गुरजिंदर सिंह के परिजन उसे ढूंढते हुए गवर्नमेंट हाई स्कूल की तरफ जा रहे थे कि गुरजिंदर सिंह के पहनी हुई स्वेटर करणी माता मंदिर से आगे बनी जलदाय विभाग की बाउंड्री वॉल पर पड़ी दिखाई दी परिजनों ने वहां रुक कर ध्यान से देखा तो गुरजिंदर सिंह की चप्पल भी जलदाय विभाग की डिग्गी के किनारे पड़ी मिली। परिजनों को गुरजिंदर सिंह के पानी की डिग्गी में गिरने का संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी पुलिस ने मौके पर आकर सिविल डिफेंस श्रीगंगानगर की टीम को सूचना देकर मौके पर बुलवाया। श्रीगंगानगर से आई सिविल डिफेंस की टीम के प्रभारी हेतराम स्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम ने करीब 2 घंटे तक पानी की डिग्गी में तलाश करने के बाद बड़ी मशक्कत कर गुरजिंदर सिंह के शव को गहरे पानी से बाहर निकाला।
पुलिस थाना श्रीकरणपुर के एएसआई रणवीर भादू ने बताया कि मृतक गुरजिंदर सिंह के पुत्र गुरप्रीत सिंह द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने के आग्रह करने पर शव का पंचनामा करवा व मर्ग दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया परिजनों ने देर शाम को गमगीन माहौल में मृतक गुरजिंदर सिंह के शव का अंतिम संस्कार किया।