हरदोई में आठ माह के मासूम की दर्दनाक मौत, गले में गुब्बारा फंसने से हुआ हादसा, पाली थाना समेत कस्बे में शोक

हरदोई। पाली थाना परिसर में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां एक छोटे से गुब्बारे के कारण आठ माह के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। गुब्बारा गले में फंस जाने से बच्चे की सांस रुक गई, जिससे उसकी जान चली गई। इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और थाना परिसर समेत कस्बे में शोक का माहौल है।
पाली थाने पर तैनात कोर्ट पैरोकार सिपाही टीटू अपने परिवार के साथ थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। परिवार में पत्नी सुषमा, आठ माह का बेटा सूर्यांश और 12 वर्षीय भांजी शामिल हैं। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे सिपाही टीटू डाक लेकर हरदोई चले गए थे। उसी दौरान कमरे में मौजूद मासूम सूर्यांश गुब्बारे से खेल रहा था। खेलते-खेलते उसने गुब्बारा मुंह में डाल लिया, जो सांस की नली में जाकर अटक गया।
कुछ देर बाद बच्चे की सांस रुकने लगी और वह बेहोश हो गया। मां सुषमा ने पहले उसे सोता हुआ समझा, लेकिन जब बच्चे के शरीर में झटके आए तो वह घबरा गई। सर्दी से सांस की परेशानी समझकर वह बच्चे को लेकर बाहर आई और पुलिस कर्मियों को सूचना दी।
थाना परिसर में मौजूद कांस्टेबल तेजवीर मासूम को तत्काल पाली पीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पीएचसी में जांच के दौरान नर्स ने बच्चे के गले से फूला हुआ छोटा गुब्बारा बाहर निकाला। पीएचसी प्रभारी डॉ. आनंद शुक्ला ने बताया कि बच्चा अस्पताल पहुंचने से लगभग आधा घंटा पहले ही दम तोड़ चुका था।
कुछ समय तक मां को बच्चे की मौत की जानकारी नहीं दी गई। बेटे को देखने की जिद करती सुषमा रोती-बिलखती रहीं। जब सिपाही टीटू को सूचना मिली तो वह स्तब्ध रह गए। बाद में वह मासूम के शव को लेकर अपने पैतृक गांव बदायूं रवाना हो गए। यह हादसा छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चेतावनी है।