बिशनपुर ग्राम प्रधान की जांच शुरू, अधिकारियों ने मांगे साक्ष्य

बछरावां,रायबरेली।विकास खंड बछरावां के विष्णुपुर ग्राम प्रधान अरुण नारायण के विरुद्ध की गई शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है।शिकायतकर्ताओं से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए पांच दिन का समय दिया गया है।
शिकायतकर्ताओं में बिंदेश्वर, रामेंद्र सिंह,आकाश वर्मा, अंकुर चौधरी, विपिन चौधरी सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा विभिन्न निर्माण कार्यों में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया गया।साथ ही अपात्रों को मजदूरी भुगतान,स्वच्छता अभियान के तहत लाखों रुपये खर्च दिखाने के बावजूद गांव की सड़कों की बदहाली, दूषित पेयजल व्यवस्था तथा सामुदायिक भवन की बाउंड्रीवाल गिरने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मामले को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी को संयुक्त जांच अधिकारी नामित किया है।दोनों जांच अधिकारियों ने जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है और शिकायतकर्ताओं को पत्र भेजकर साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है।
वहीं अधिकारियों ने ग्राम प्रधान सहित अन्य संबंधित पक्षों को भी नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा ने बताया कि सभी पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा।खंड विकास अधिकारी शिव बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की उच्चस्तरीय जांच चल रही है।जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।