हरदोई में गौकशी के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, शातिर पशु तस्कर गोली लगने से घायल, एक गौवंश बरामद

हरदोई। जनपद में अपराध नियंत्रण और गौकशी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना टड़ियावां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 20/21 जनवरी 2026 की रात संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस की गौकशी में संलिप्त बदमाशों से मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक शातिर पशु तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह के नेतृत्व में टड़ियावां पुलिस टीम रात्रि गश्त व चेकिंग में लगी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग गोपामऊ रोड से शंकरपुर पुलिया की ओर गौकशी के उद्देश्य से पैदल जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शंकरपुर पुलिया के पास चेकिंग शुरू की। तभी संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की।
घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान शातिर पशु तस्कर गुड्डू पुत्र ईददु निवासी कस्बा गोपामऊ, थाना टड़ियावां, जनपद हरदोई के रूप में हुई है।
सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि घायल अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो चाकू, एक बांका और एक गौवंश बरामद किया गया है। घायल को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त पर जनपद के विभिन्न थानों में पूर्व से 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और विधिक कार्रवाई प्रचलित है।