हरदोई में आयकर विभाग की बड़ी चूक, मजदूर को थमाया सात करोड़ से अधिक का नोटिस, परिवार सदमे में

हरदोई। जिले के माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रूदामऊ में आयकर विभाग की ओर से भेजे गए एक नोटिस ने पूरे परिवार को गहरे तनाव में डाल दिया है। मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करने वाले गोविन्द कुमार को आयकर विभाग की ओर से 7 करोड़ 15 लाख 92 हजार 786 रुपये का नोटिस भेजा गया है। नोटिस मिलने के बाद गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
गोविन्द कुमार ने बताया कि वह एक साधारण मजदूर है और इतनी बड़ी रकम से उसका कोई लेना-देना नहीं है। नोटिस 8 जनवरी को जारी किया गया था, जिसमें 20 जनवरी को सुनवाई की तिथि अंकित है। इतना ही नहीं, 13 जनवरी को आयकर विभाग की एक टीम उसके घर पहुंची और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी मांगी, जिससे परिवार और अधिक घबरा गया।
गोविन्द के पिता रामचन्द्र कश्यप और मां कमला देवी ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। बड़ा बेटा पंकज कस्बे में ठेली लगाता है, जबकि गोविन्द मजदूरी करता है। नोटिस के बाद से परिवार के लोग मानसिक तनाव में हैं और कई दिनों से ढंग से भोजन तक नहीं कर पा रहे हैं।
गोविन्द ने बताया कि करीब छह साल पहले वह कानपुर में एक गुटखा कंपनी में कुछ समय के लिए काम करने गया था। उसी दौरान उसके भांजे अजय कुमार के माध्यम से कुछ लोगों ने सरकारी लाभ दिलाने के नाम पर बैंक खाता खुलवाया था। सीतापुर जनपद के विसवां स्थित एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया गया, जिसके दस्तावेज बाद में वही लोग अपने साथ ले गए। गोविन्द को आशंका है कि उसी खाते के दुरुपयोग से यह मामला सामने आया है।
वहीं, आयकर निरीक्षक शुभम शर्मा ने बताया कि हरदोई कार्यालय से कोई टीम रूदामऊ नहीं भेजी गई है। मामले की जानकारी मिलने पर जांच कराई जाएगी। फिलहाल परिवार न्याय की आस लगाए हुए है।