हरदोई में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, पुलिस-प्रशासन ने संभाला हालात, मरम्मत कार्य जारी

हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के प्रतापनगर चौराहे पर शनिवार-रविवार की रात एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा एवं उसका चबूतरा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र होने लगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17/18 जनवरी की रात्रि करीब एक बजे एक अनियंत्रित ट्रक प्रतापनगर चौराहे से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे चौराहे पर स्थापित बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा और चबूतरे से ट्रक टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रतिमा और उसका आधार क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बेनीगंज कोतवाली पुलिस के साथ नगर प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई। अधिकारियों ने स्थानीय सुरक्षा समिति और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर माहौल को शांत कराया।
सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और नगर प्रशासन ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। क्षतिग्रस्त प्रतिमा और चबूतरे की मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू करा दिया गया है। साथ ही ट्रक और उसके चालक के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की तत्परता और मरम्मत कार्य शुरू होने से लोगों का आक्रोश शांत हुआ। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि प्रतिमा की मरम्मत पूरी गरिमा के साथ कराई जाएगी और दोषी वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।